News

Showing posts with label विदेशी दुकानों के खिलाफ आज भारत बंद. Show all posts
Showing posts with label विदेशी दुकानों के खिलाफ आज भारत बंद. Show all posts

Thursday, 1 December 2011

विदेशी दुकानों के खिलाफ आज भारत बंद

Oh yes,this is the true story! cleanmediatoday.blogspot.com

विदेशी दुकानों के खिलाफ आज भारत बंद 
क्लीन मीडिया संवाददाता 


नई दिल्ली 01 दिसंबर (सीएमसी) : केंद्र सरकार के रिटेल सेक्टर में प्रत्यक्ष विदेशी निवेश (एफडीआई) को मंजूरी देने के खिलाफ कनफेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स ने आज (गुरुवार) बंद का आह्वान किया है। इस बंद को भारतीय जनता पार्टी, समाजवादी पार्टी, बहुजन समाज पार्टी और वामपंथी दलों का समर्थन है।
 बंद का आह्वान करने वाले कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (सीएआईटी) की बुधवार को जारी विज्ञप्ति में दावा किया गया है कि महाराष्ट्र, गुजरात, दिल्ली, तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश, पश्चिम बंगाल, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, झारखंड, उड़ीसा, उत्तराखंड, कर्नाटक, पंजाब, हरियाणा सहित सभी राज्यों एवं केन्द्र शासित प्रदेशों में व्यापारी गुरुवार को एक दिन का व्यापार बंद रखेंगे।
 राजधानी में जंतर-मंतर पर व्यापारी संगठन धरना और प्रदर्शन करेंगे। सीएआईटी के राष्ट्रीय अध्यक्ष बीसी भरतिया और राष्ट्रीय महामंत्री प्रवीण खंडेलवाल ने कहा कि देशभर में जहां व्यापारी अपने प्रतिष्ठान बंद रखेंगे, वहीं दूसरी ओर, विभिन्न राज्यों के बाजारों में व्यापारिक संगठन विरोध मार्च निकालेंगे और एफडीआई का पुतला भी जलाएंगे। अखिल भारतीय व्यापारी परिसंघ की दिल्ली इकाई के अध्यक्ष नरेंद्र मदान की ओर से जारी विज्ञप्ति के अनुसार, इस अखिल भारतीय बंद में बड़ी तादाद में कारोबारी भाग लेंगे। उन्होंने कहा कि सदर बाजार, कमला नगर, चावड़ी बाजार, कनॉट प्लेस, करोल बाग, खान मार्केट, कश्मीरी गेट, तिलक नगर, रोहिणी और कृष्णा नगर सहित अन्य इलाकों में थोक और खुदरा बाजार बंद रहेंगे।
 संगठन के महासचिव प्रवीण खंडेलवाल ने कहा कि भारत व्यापार बंद में देश भर से 10,000 से अधिक व्यापारिक संगठनों के शामिल होने की संभावना है। उन्होंने कहा कि एफडीआई पर फैसले से देश में कारोबार के क्षेत्र में असमानता उत्पन्न हो जाएगी। देश का झुकाव बहुराष्ट्रीय कंपनियों की ओर हो जाएगा जो कारोबारियों और उपभोक्ताओं के लिए घातक साबित होगा।
उत्तर प्रदेश की मुख्यमंत्री और बसपा मुखिया मायावती ने प्रदेश में खुदरा क्षेत्र में एफडीआई को अनुमति नहीं दिए जाने के ऐलान को दोहराते हुए कहा है कि उनकी पार्टी इसके विरोध में विभिन्न व्यापारिक संगठनों द्वारा भारत बंद के आह्वान का समर्थन करेगी। मायावती ने बसपा संयोजकों एवं कार्यकर्ताओं को आम जनता को केन्द्र सरकार के इस निर्णय के घातक परिणामों के प्रति जागरूक करने का निर्देश दिया है और व्यापारिक संगठनों द्वारा घोषित भारत बंद के निर्णय का समर्थन करने को कहा है।
 समाजवादी पार्टी ने भी व्यापारिक संगठनों के भारत बंद का समर्थन किया है और विधानसभा में पार्टी और प्रतिपक्ष के नेता शिवपाल सिंह यादव ने कहा कि खुदरा व्यापार के क्षेत्र में विदेशी पूंजी के सीधे निवेश की अनुमति मिलने के बाद विदेशी कंपनियां मुट्ठी भर लोगों को रोजगार देकर देश के करोड़ों छोटे व्यापारियों और उद्यमियों से उनका रोजगार छीन लेगी। भाजपा प्रवक्ता विजय बहादुर पाठक ने कहा है कि पार्टी का शुरू से मत है कि खुदरा व्यापार के क्षेत्र में विदेशी पूंजी के सीधे निवेश से छोटे उद्योग धंधे और व्यापार बंद हो जाएंगे, महंगाई बढ़ेगी और देश के करोड़ों लोग बेरोजगार हो जाएंगे।
 गाजियाबाद में सभी विपक्षी दल विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। विरोध को आंदोलन का रूप देते हुए महानगर के व्यापारी भाई बाजार बंद कर अपना विरोध जताएंगे। विरोध प्रदर्शन के साथ ही व्यापारियों ने पेट्रोल पम्प बंद करने की भी घोषणा की है जिससे महानगर के लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है। व्यापार मंडल के महामंत्री मधुकर सिंघल ने कहा कि भारतीय खुदरा बाजारों में एफडीआई को लागू कर कांग्रेस सरकार अपना व अपने मंत्रियों का हित सोच रही है जबकि इससे देश के बाजारों में कितनी आर्थिक स्थिति खराब होगी इसे सरकार ध्यान में लेकर नहीं चल रही है। उद्योग व्यापार मंडल के महामंत्री अशोक चावला ने कहा कि केन्द्र सरकार अगर एफडीआई को मंजूरी देती है तो देश में आर्थिक स्थिति और कमजोर हो जाएगी।
जम्मू-कश्मीर में विभिन्न राजनीतिक दलों ने व्यापार संगठनों की ओर से आयोजित हड़ताल का समर्थन करने का निर्णय लिया है। सूत्रों ने बताया कि भाजपा, जेकेएनपीपी, हिन्दुस्तान शिव सेना (एचएसएस) और शिव सेना ने ‘अखिल भारतीय व्यापारी परिसंघ (सीएआईटी)’ और ‘भारत उद्योग व्यापार मंडल’ की ओर से आयोजित बंद का समर्थन करने का निर्णय लिया है। छोटे स्तर के व्यापारियों के संघ ने भी इस बंद का समर्थन करने का फैसला किया है।