News

Tuesday, 24 January 2012

कल खंडूरी क्यों जरूरी नहीं थे- राहुल गाँधी

cleanmediatoday.blogspot.कॉम

कल खंडूरी क्यों जरूरी नहीं थे- राहुल गाँधी 
क्लीन मीडिया संवाददाता 
कालाढूंगी, 24 जनवरी (सीएमसी);  कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव राहुल गांधी ने मंगलवार को उत्तराखंड में भारतीय जनता पार्टी पर अपने हमले को और अधिक तेज करते हुए कहा कि भाजपा आज अपने विज्ञापनों में कह रही है ‘खंडूरी हैं जरूरी’, वह पूछना चाहते हैं कि आज से तीन महीने पहले तक क्या खंडूरी जरूरी नहीं थे। क्या उसके पहले भ्रष्टाचार जरूरी था? राहुल आज उत्तराखंड में पिथौरागढ तथा कालाढूंगी में चुनावी जनसभाओं को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि खंडूरी इसलिए अब जरूरी हो गए हैं, क्योंकि भाजपा के किए गए भ्रष्टाचार पर पर्दा डालना है।
राहुल गांधी ने कहा कि केन्द्र में जब कांग्रेस की सरकार गरीबों, किसानों तथा मजदूरों के कल्याण के लिये योजनाये शुरू करती है तो भाजपा के नेता कहना शुरू कर देते हैं कि पैसा बेकार किया जा रहा है।
उन्होंने कहा, मैं पूछना चाहता हूं कि क्या इस देश की आम जनता के लिए विकास योजनायें शुरू कर पैसे को बरबाद किया जाता है। हमने किसानों के 60 हजार करोड रूपये कर्ज मांफ किया, सूचना के अधिकार के तहत प्रशासन को पारदर्शी बनाया, महात्मागांधी ग्रामीण रोजगार गारंटी अधिनियम के तहत बेरोजगारों को रोजगार की गारंटी दी तो क्या यह पैसा बरबाद किया गया।
उन्होंने कहा, हम पूरे हिन्दुस्तान को भोजन का अधिकार देने वाले हैं। इसके लिए जल्द ही अधिनियम बनाया जाएगा। हम जनता का पैसा जनता से पूछकर खर्च करते हैं। इस देश में पैसा आम जनता का है। कांग्रेस या भाजपा का पैसा नहीं है। आपके भविष्य का पैसा है, जिसे आप पर ही खर्च किया जाता है। पैसा आसमान से नहीं टपकता है। यह आम जनता के खून पसीने का पैसा है।
उन्होंने आरोप लगाया, भारतीय जनता पार्टी ने अपनी हठवादिता के चलते उसे संसद में उसके खिलाफ लाल बटन दबा दिया। एक संवैधानिक लोकपाल को मार दिया। यह सिर्फ हमारा सपना नहीं था बल्कि पूरे देश का सपना था।             
उन्होंने कहा, इस देश से भ्रष्टाचार उस समय समाप्त होगा जब आम आदमी राजनीति में सक्रिय रूप से आएगा। हम राजनैतिक प्रणाली को बदलने की कोशिश में लगे हुए हैं। इसके लिए हमें लंबी लडाई लडनी होगी। हम वह सपना देख रहे हैं जब देश के राजनैतिक प्रणाली से हर नागरिक खुश हो। राहुल गांधी ने लोगों से अपील की कि जो लोग तीन महीने पहले तक उत्तराखंड में भ्रष्टाचार की बात नहीं कर रहे थे उनसे कहिए कि वे विकास की बात करें।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने युवाओं को इस चुनाव में उम्मीदवार बनाया है और उन्होंने युवाओं को खासतौर पर हिदायत दी है कि किसी भी हालत में भ्रष्टाचार को किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं किया जायेगा। यदि कोई भी भ्रष्टाचार में लिप्त पाया गया तो वह उसका कैरियर ही समाप्त कर देंगे।  

No comments:

Post a Comment