News

Thursday 29 March 2012

भारत रूस का महत्वपूर्ण सहयोगी : मेदवेदेव

cleanmediatoday.blogspot.com
भारत रूस का महत्वपूर्ण सहयोगी- मेदवेदेव
क्लीन मीडिया संवाददाता 

नई दिल्ली: 29 मार्च: (सीएमसी)  प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के साथ वार्ता से एक दिन पहले रूस के राष्ट्रपति दमित्री मेदवेदेव ने बुधवार को अंतर्राष्ट्रीय मामलों में भारत को एक महत्वपूर्ण सहयोगी बताया। जवाहरलाल नेहरू विवि (जेएनयू) ने मेदवेदेव को डॉक्टरेट की मानद उपाधि से सम्मानित किया।
ज्ञात हो कि ब्रिक्स देशों (ब्राजील, रूस, भारत, चीन और दक्षिण अफ्रीका) के सम्मेलन में शामिल होने के लिए मेदवेदेव अपनी दो दिनों की यात्रा पर बुधवार को नई दिल्ली पहुंचे। मेदवेदेव अपनी यात्रा के दौरान मनमोहन सिंह से द्विपक्षीय वार्ता करेंगे। समझा जाता है कि मेदवेदेव कुडनकुलम परमाणु बिजली संयंत्र की यूनिट तृतीय एवं चतुर्थ की स्थापना के लिए समझौतों को अंतिम रूप देने की योजना सहित कई द्विपक्षीय मुद्दों पर चर्चा करेंगे।
उल्लेखनीय है कि मेदवेदेव की यह यात्रा ऐसे समय हुई है जब नई दिल्ली एवं मास्को के कूटनीतिक सम्बंधों की स्थापना की 65वीं सालगिरह मनाई जा रही है। मेदवेदेव ने अपने भाषण में भारत को अंतर्राष्ट्रीय मामलों में एक महत्वपूर्ण साथी बताया और विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में दोनों देशों के बीच सहयोग और बढ़ाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि भारत और रूस अच्छे पड़ोसी एवं मित्रता के पूर्ण सम्बंध के उदाहरण हैं। मेदवेदेव ने कहा कि दोनों देशों ने गम्भीर मुद्दों सहित अत्यंत जटिल स्थितियों पर एक साझा दृष्टिकोण विकसित किया है।
भारत के प्रथम प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू की प्रशंसा करते हुए राष्ट्रपति ने कहा, ‘दबावों के समय हमारे देश कसौटी पर खरे उतरे हैं।’ उन्होंने कहा कि नेहरू अनुभव एवं तजुर्बे के लिए बाहरी देशों पर कभी आश्रित नहीं रहे और वह हमेशा आधुनिक भारत के विकास के लिए चिंतित रहे। चौथे ब्रिक्स सम्मेलन से पहले मेदवेदेव ने कहा कि पांच देश एक साथ आकर एक वैश्विक इकाई बन चुके हैं और इन्हें वैश्विक मुद्दों पर अपने प्रयासों को मजबूत बनाना चाहिए। 

No comments:

Post a Comment