News

Tuesday 20 March 2012

कश्मीर में आंधी ने उड़ाई लोगो की नींद

cleanmediatoday.blogspot.com
 

कश्मीर में आंधी ने उड़ाई लोगो की नींद 
क्लीन मीडिया संवाददाता 

श्रीनगर: 20 मार्च: (सीएमसी)  कश्मीर घाटी में रातभर चली आंधी के बाद मंगलवार को अव्यवस्था की स्थिति पैदा हो गई है। आंधी से हजारों घरों को नुकसान पहुंचा है, पेड़ उखड़ गए हैं, खिड़कियों के शीशे टूट गए हैं और सड़क मार्ग बाधित हो गए हैं। तेज आंधी के चलते पूरे कश्मीर में स्कूलों को बंद रखा गया है। इससे पहले बांदीपोरा जिले में हुए हिमस्खलन में एक व्यक्ति की मौत हो गई और दो अन्य लापता हैं। ये तीनों व्यक्ति उत्तरी कश्मीर में सोमवार रात हुए हिमस्खलन में फंसे पांच लोगों में शामिल थे।
प्रखंडीय प्रशासन के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया, ‘आंधी के कारण सैंकड़ों घर क्षतिग्रस्त हो गए हैं। कई स्थानों पर छतें उड़ गई हैं, पेड़ उखड़ गए हैं और इससे सड़क मार्ग बाधित हो गए हैं। कई स्थानों पर घरों को नुकसान पहुंचा है।’ उन्होंने कहा, ‘हम वास्तविक नुकसान का अनुमान लगाने के लिए विभिन्न जिलों से जानकारियां इकट्ठी कर रहे हैं। घाटी में अब तक किसी भी स्थान से किसी के मारे जाने की खबर नहीं है।’ अधिकारी ने कहा कि किसी भी प्रकार के संकट से निपटने के लिए सभी जिला मुख्यालयों को आपातकालीन मुख्यालयों में तब्दील कर दिया गया है।
स्थानीय मौसम कार्यालय के एक अधिकारी ने बताया, ‘सोमवार को घाटी के ऊपर असामान्य रूप से कम दबाव का क्षेत्र बना हुआ था। आंधी इसी दबाव का परिणाम थी। मंगलवार दोपहर तक मौसम में सुधार होना चाहिए।’ लद्दाख क्षेत्र के लेह शहर में भी रातभर आंधी चलने की खबरें हैं। इससे वहां भी अफरा-तफरी का माहौल है।
दूसरी तरफ जम्मू एवं कश्मीर के बांदीपोरा जिले में हुए हिमस्खलन में एक व्यक्ति की मौत हो गई है और दो अन्य लापता हैं। प्रखंडीय मुख्यालय में तैनात अधिकारी आमिर अली ने बताया कि बांदीपोरा जिले की गुरेज तहसील के बदवान गांव में सोमवार रात हुए हिमस्खलन में पांच लोग फंस गए थे। राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया गया, जिसमें तीन लोगों को मलबे से जीवित निकाल लिया गया। इनमें से एक घायल की बाद में मौत हो गई। दो लोग अब भी मलबे में दबे हुए हैं, उनकी तलाश जारी है।

No comments:

Post a Comment