News

Wednesday 7 March 2012

विद्या बालन को मिला पहला राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार

cleanmediatoday.blogspot.com
विद्या बालन को मिला पहला राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार 
क्लीन मीडिया  संवाददाता 

नई दिल्ली: 7 मार्च: (सीएमसी)  ‘डर्टी पिक्चर’ में अपने शानदार अभिनय के लिए प्रशंसा और पुरस्कार बटोर रही विद्या बालन को 59वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार में सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री चुना गया है जबकि मराठी फिल्मों ने इस बार बाजी मारते हुए मुख्य श्रेणी के अधिकांश पुरस्कार अपनी झोली में डाले। वर्ष 2005 में विद्या ने अपनी फिल्म ‘परिणीता’ के लिए आईआईएफए अवार्ड हासिल किया था।
 बी ग्रेड फिल्मों की अभिनेत्री सिल्क स्मिता के जीवन पर बनी फिल्म ‘डर्टी पिक्चर’ में साहसिक और भावपूर्ण अभिनय के लिए विद्या को सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री चुना गया जो उनका पहला राष्ट्रीय पुरस्कार है। मराठी फिल्म ‘देउल’ और ब्यारी भाषा की फिल्म ‘ब्यारी’ को संयुक्त रूप से सर्वश्रेष्ठ फिल्म चुना गया। ‘देउल’ के लिए गिरीश कुलकर्णी को सर्वश्रेष्ठ अभिनेता चुना गया। सर्वश्रेष्ठ निर्देशक का पुरस्कार पंजाबी फिल्म ‘अन्हे घोड़े दा दान’ के लिए गुरविंदर सिंह को दिया जाएगा। उन्हें पुरस्कार के तौर पर स्वर्ण कमल और ढाई लाख रुपए मिलेंगे।
 वर्ष 2011 के लिए राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कारों की घोषणा आज की गई। फीचर फिल्म जूरी की अध्यक्ष मशहूर अभिनेत्री रोहिणी हटंगडी थी जबकि गैर फीचर फिल्मों की जूरी के अध्यक्ष रमेश शर्मा और सिनेमा पर सर्वश्रेष्ठ लेखन के लिए जूरी की अध्यक्ष विजया मूले थी।
 बच्चों पर बनी सर्वश्रेष्ठ फिल्म का पुरस्कार ‘चिल्लर पार्टी’ को दिया गया। इस फिल्म में काम करने वाले सभी 10 बच्चों और ‘स्टानले का डिब्बा’ में बेहतरीन अभिनय करने वाले मास्टर पाथरे गुप्ते को सर्वश्रेष्ठ बाल कलाकार चुना गया। ‘चिल्लर पार्टी’ के लिए विकास बहल और मनीष तिवारी को सर्वश्रेष्ठ पटकथा लेखन (मौलिक) का पुरस्कार दिया जाएगा। जोया अख्तर की फिल्म ‘जिंदगी ना मिलेगी दोबारा ’ को दो पुरस्कार मिले। सर्वश्रेष्ठ लोकेशन साउंड रिकार्डिंग का पुरस्कार इस फिल्म के लिए बेलोन फोंसेका और बोस्को सेजार को इस फिल्म के गीत ‘सेनोरिटा’ के लिए सर्वश्रेष्ठ नृत्य निर्देशन का पुरस्कार मिला।
 ‘डर्टी पिक्चर’ को सर्वश्रेष्ठ वेशभूषा और मेकअप के भी पुरस्कार मिले। वेशभूषा के लिए निहारिका खान (डर्टी पिक्चर) और नीता लुल्ला (मराठी फिल्म बालगंधर्व) को पुरस्कार दिया जाएगा। वहीं इन्हीं दोनों फिल्मों में मेकअप के लिए विक्रम गायकवाड़ ने पुरस्कार जीता। ओनिर की फिल्म ‘आई एम’ को सर्वश्रेष्ठ हिन्दी फिल्म चुना गया। इस फिल्म को सर्वश्रेष्ठ गीतकार (अमिताभ भट्टाचार्य) का पुरस्कार भी मिला। शाहरुख खान की बहुचर्चित फिल्म ‘रा. वन’ के लिए हैरी हिंगोरानी और केतन यादव को सर्वश्रेष्ठ विशेष प्रभाव का पुरस्कार मिलेगा।

No comments:

Post a Comment